जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं जनसमस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

गिरिडीह। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों की सुनवाई की। जनता दरबार में बिजली आपूर्ति, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक कलह, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड व जनसुविधा से जुड़े मामलों की शिकायतें प्रमुख रहीं।
उपायुक्त ने एक-एक कर उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट निराकरण किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका निपटारा बिना विलंब किए किया जाने का आदेश भी दिया गया।
रामनिवास यादव ने कहा कि जनता दरबार शासन-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। इससे न केवल समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान होता है, बल्कि प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान होना चाहिए।
जनता दरबार कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन के त्वरित निवारण की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी जनता से सीधे मिलकर समस्याओं के निवारण व आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।