इंजेक्शन लगाते ही 6 वर्षीय बच्ची की हुई मौत, परिजनों ने चिकित्सक पर लगाया हत्या का आरोप

कांडी/गढ़वा: – एक तथाकथित निजी चिकित्सक के यहां इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। यह मामला बुधवार का है। वहीं मृतक बच्ची की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के बतों खुर्द गांव निवासी निरंजन कुमार गुप्ता के 6 वर्षीय पुत्री ब्यूटी कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों ने संबंधित चिकित्सक पर लापरवाही एवं हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची की मां रेणु देवी ने बताया कि उनकी पुत्री को तीन दिन पूर्व बुखार की शिकायत थी। इलाज के लिए वह कांडी स्थित चिकित्सक डॉ. रंजीत कुमार मेहता के पास पहुंची थीं। मां का आरोप है कि चिकित्सक ने पहले ब्लड जांच कराने की बात कही। जांच कराने के बाद बच्ची को एक इंजेक्शन लगाया गया। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी होने लगी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार स्थिति बिगड़ते देख चिकित्सक ने बच्ची को कांडी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मझिआंव समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालांकि मझिआंव अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन के दुष्प्रभाव के कारण उनकी बच्ची की मौत हुई है तथा चिकित्सक की लापरवाही इसके लिए जिम्मेदार है।सात ही उन्होंने बताया कि कांडी में केदार नामक आदमी के पुत्र ओम मेडिकल चलाता है जिसके यहां वह चिकित्सक बैठता है। इधर इस संबंध में पूछे जाने पर चिकित्सक रंजीत कुमार मेहता ने बताया कि बच्ची का ब्लड टेस्ट का रिपोर्ट देखने के बाद मोनोसेफ 500 एमजी का इंजेक्शन लगवाया गया था। कहा कि बच्ची को थोड़ा इंस्पेक्शन था,और टाइफाइड का शिकायत था। उसके पश्चात उसकी स्थिति खराब होते देख उसे कांडी अस्पताल रेफर कर दिया गया। साथ ही उसने अपना डिग्री डी फार्मा बताया। वहीं मझिआंव समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से घटना की सुचना थाना प्रभारी अमित कुमार को दी गई। सुचना पर थाना एएसआई विद्याधर मछुआ व पुलिस पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।