गिरिडीह में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर चला प्रशासन का डंडा, विशेष अभियान में 102 वाहनों का कटा चालान
गिरिडीह में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर चला प्रशासन का डंडा, विशेष अभियान में 102 वाहनों का कटा चालान
अंबेडकर चौक पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, ₹1.47 लाख जुर्माना वसूला गया; हेलमेट, लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की हुई जांच
गिरिडीह, 09 जून: सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मंगलवार को गिरिडीह शहर के अंबेडकर चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने दोपहिया वाहनों, ई-रिक्शा (टोटो) तथा अन्य वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, हेलमेट और अन्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई।
वाहन जांच अभियान में कुल 93 मोटरसाइकिल और 9 टोटो सहित 102 वाहनों का चालान किया गया। विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 1 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने भी कहा है कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

