गिरिडीह में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह। पुलिस अधीक्षक डाॅ विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली कि बेंगाबाद थाना अंतर्गत ग्राम बिराजपुर के जंगल में कुछ साइबर अपराधी फोन के माध्यम से फर्जी एप व खाता बनाकर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना गिरिडीह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आज छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
छापामारी दल का नेतृत्व साइबर थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामेश्वर भगत ने किया। गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के जुरपनिया निवासी सुरेन्द्र कुमार मंडल तथा मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के घाघरा निवासी फारूक अंसारी के रूप में हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकारोक्ति में बताया कि वे फोन के जरिए फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन बनाकर और फर्जी बैंक खाते बनाकर लोगों से ठगी करते थे। अभियुक्तों ने बताए अनुसार प्रयुक्त किये जाने वाले फर्जी एप्लिकेशन में “today delivery .apk”, “rto e-challan.nb4.apk”, “customer support.apk”, “induind bank e apk”, “hospital appointment booking.apk” तथा फर्जी खातों का लेन-देन शामिल था। मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 19/2026, दिनांक 04.06.2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस को 08 मोबाइल फोन और 07 सिमकार्ड बरामद किया गया है। प्रारम्भिक तकनीकी जाँच व कॉल-लॉग, एप डेटा समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में उपर्युक्त साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के साथ पुनीत कुमार गौतम, संजय मुखियार, गजेन्द्र कुमार, आ0 284 संदीप कुमार और आ0 140 भुपाल मंडल शामिल थे। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित साजिशकर्ता तथा पीड़ितों की संख्या का पता लगाने के लिए अभियान जारी रखा गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध एप को डाउनलोड न करें तथा बैंकिंग जानकारी कभी भी फोन पर साझा न करें। किसी भी तरह की संदिग्ध कॉल या धोखाधड़ी की सूचना मिलने पर नजदीकी पुलिस थाना या साइबर थाना गिरिडीह से संपर्क करें।

