गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तेलखारी जंगल से दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
गिरिडीह। पुलिस अधीक्षक डाॅ विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली कि गांडेय थाना अंतर्गत ग्राम कच्छेल के पास तेलखारी जंगल में बैठे कुछ साइबर अपराधी फोन के माध्यम से ठगी कर रहे हैं। सूचना मिलने पर साइबर थाना गिरिडीह के सह थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक छापामारी दल गठित कर तुरंत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुल 02 (दो) आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धनराज मंडल (आयु लगभग 23 वर्ष), पुत्र महादेव मंडल, ग्राम रसनजोरी, थाना अहिल्यापुर, जिला गिरिडीह तथा राहुल कुमार मंडल (आयु लगभग 24 वर्ष), पुत्र घनश्याम मंडल, ग्राम छोटकी सरिया, थाना सरिया, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है। आरोपियों ने अपनी स्वीकारोक्ति में बताया कि वे फर्जी APK फाइल/लिंक भेजकर भोले-भाले लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करते थे।
पुलिस ने मामले में साइबर थाना कांड सं0-16/2026 दिनांक 23.05.2026 दर्ज किया है। छापेमारी में 06 मोबाइल फोन, 04 सिमकार्ड, 02 एटीएम और 03 चेकबुक बरामद की गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि धनराज मंडल का पूर्व रिकार्ड भी है, वह पहले गिरिडीह साइबर थाना कांड सं0-36/2019 के आरोप में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल में पु0नि0 रामेश्वर भगत, साइबर थाना प्रभारी, गिरिडीह, पुनीत कुमार गौतम, दिनेश कुमार, विजय कुमार, संजय मुखियार, भुपाल मंडल, संदीप कुमार वर्मा, साइबर थाना गिरिडीह शामिल थे।
साइबर थाना ने आम जनता से आग्रह किया है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल/मेसेज की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या साइबर थाना को दें। जांच अभी जारी है और पुलिस ने विस्तृत पूछताछ के बाद और गिरफ्तारियों की संभावना जताई है।

