भीषण गर्मी और तकनीकी खराबी से चरमराई बिजली व्यवस्था, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
भीषण गर्मी और तकनीकी खराबी से प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था, उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया पावर ग्रिड का निरीक्षण
गिरिडीह : जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी, तेज हवा और सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई विद्युत लाइनों के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को करहरबारी पावर ग्रिड, बस स्टैंड पावर सब स्टेशन और डांडीडीह पावर ग्रिड स्टेशन का निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को जल्द से जल्द सुचारू बिजली उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से बिजली बाधित होने के कारणों और आपूर्ति बहाल होने में लगने वाले समय की जानकारी भी ली।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी, तेज हवा तथा पचम्बा रोड चौड़ीकरण कार्य के दौरान 33 केवीए लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। कई जगहों पर विद्युत पोल और ओवरहेड तारों को नुकसान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है। विभाग द्वारा अतिरिक्त संसाधन और तकनीकी कर्मियों को लगाकर तेजी से कार्य कराया जा रहा है।
उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर मरम्मत कार्य में जुटे कर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया। शहर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए 45 मैनपावर को लगाया गया है, जो लगातार फील्ड में कार्य कर क्षतिग्रस्त लाइनों और विद्युत ढांचे की मरम्मत में जुटे हुए हैं।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता शकील आलम, कार्यपालक अभियंता मृणाल गौतम, सहायक अभियंता सुरजीत उपाध्याय समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

