केशवारी-दलांगी के बीच प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का डीसी ने किया निरीक्षण

गिरिडीह । जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अहले सुबह सरिया प्रखंड के केशवारी तथा बिरनी प्रखंड के दलांगी गांव को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल एवं आसपास के क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों व अभियंताओं के साथ स्थल का बारीकी से अवलोकन करते हुए पुल निर्माण की संभावनाओं, पहुंच मार्ग तथा भू-भाग की स्थिति की जानकारी ली।
मौके पर नक्शा व गुनिया की सहायता से पुल निर्माण हेतु चयनित भूमि का सीमांकन कार्य भी कराया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सीमांकन कार्य पूरी पारदर्शिता व सटीकता के साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या न उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होगा तथा दोनों प्रखंडों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अभियंताओं से पुल निर्माण की प्रारंभिक रूपरेखा, तकनीकी पहलुओं एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पुल बन जाने से स्थानीय ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में होने वाली कठिनाइयों से निजात मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं और स्थानीय ग्रामीणों से समन्वय कायम कर कार्य आगे बढ़ाया जाए।
निरीक्षण के समय अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर सरिया संतोष गुप्ता, अंचलाधिकारी सरिया, अंचलाधिकारी बिरनी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिया, संबंधित विभाग के अधिकारी, अभियंता व स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने कहा है कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना उसकी प्राथमिकता में शामिल है और जनहित से जुड़े परियोजनाओं को शीघ्रता से लागू किया जाएगा।