गिरिडीह दिलीप दास हत्याकांड में एफएसएल की एंट्री, घटनास्थल से जुटाए अहम साक्ष्य

गिरिडीह के कबरीबाद इलाके में दिलीप दास हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। सोमवार को रांची से एफएसएल की चार सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम का नेतृत्व सहायक निदेशक डॉ. लवकुश शर्मा कर रहे थे। टीम में वैज्ञानिक जहांगीर इमाम, प्रिंस कुमार सहित अन्य तकनीकी कर्मी शामिल थे। टीम ने पूरे इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। जमीन, आसपास के क्षेत्र तथा संभावित स्थानों से मिट्टी व अन्य जैविक-भौतिक नमूने एकत्र किए गए। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई ताकि हर पहलू का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे। सभी सैंपल को जांच के लिए रांची एफएसएल लैब भेजा गया है। मौके पर मुफस्सिल थाना पुलिस भी मौजूद रही और टीम को अब तक की जांच से अवगत कराया गया।

You may have missed