पांकी के गढगांव में ‘पोटो हो खेल मैदान’ बना अवैध ईंट भट्ठा, बिरसा हरित ग्राम के पौधे भी हुए गायब

पांकी के गढगांव में ‘पोटो हो खेल मैदान’ बना अवैध ईंट भट्ठा, बिरसा हरित ग्राम के पौधे भी हुए गायब

​पांकी,सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लाखों रुपये पानी की तरह बहाए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर योजनाएं भ्रष्टाचार और अनदेखी की भेंट चढ़ रही हैं। ताजा मामला पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत केलहवा पंचायत के गढ़गांव का है। यहाँ अमानत नदी के तट पर लाखों की लागत से बने पोटो हो खेल मैदान की स्थिति बेहद दयनीय है। यह खेल मैदान अब बच्चों के खेलने के बजाय अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे के रूप में तब्दील हो चुका है।
​खेल मैदान के सीने पर धधक रहा अवैध ईंट भट्ठा
मिली जानकारी के अनुसार, गढ़गांव में अमानत नदी के किनारे बच्चों के खेलने और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ‘पोटो हो खेल मैदान’ का निर्माण कराया गया था। मैदान के समतलीकरण और यहाँ खिलाड़ियों की सुविधा के लिए एक चेंजिंग रूम सह शौचालय का निर्माण भी कराया गया था, जिस पर लाखों रुपये खर्च हुए।
​लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। जिस मैदान में बच्चों को दौड़ना और खेलना चाहिए था, वहाँ धड़ल्ले से अवैध ईंट भट्ठे का संचालन किया जा रहा है। खेल मैदान के बड़े हिस्से पर कच्ची ईंटें सुखाने के लिए रखी गई हैं, ईंट पाथने का काम चल रहा है, और ट्रैक्टरों के जरिए मिट्टी व ईंटों की खुलेआम ढुलाई की जा रही है।
​बिरसा हरित ग्राम योजना के पौधे भी धरातल से गायब
​लापरवाही का आलम सिर्फ खेल मैदान के अतिक्रमण तक ही सीमित नहीं है। इस मैदान के किनारे पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ‘बिरसा हरित ग्राम योजना’ के तहत फलदार/छायादार पौधे भी लगाए गए थे। कागजों पर इस योजना के तहत लाखों रुपये खर्च दिखा दिए गए, लेकिन आज धरातल पर एक भी पौधा नजर नहीं आ रहा है। सारे पौधे पूरी तरह से गायब हो चुके हैं और उनके स्थान पर केवल बंजर जमीन और ईंटों के ढेर दिखाई दे रहे हैं।
​लाखों खर्च, नतीजा शून्य
​मैदान में बने चेंजिंग रूम और शौचालय की स्थिति भी जर्जर हो रही है। बिना रख-रखाव के यह भवन हाथी दांत साबित हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि सरकारी राशि का इस कदर दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रशासन और संबंधित विभाग की नाक के नीचे सरकारी खेल मैदान पर अवैध ईंट भट्ठे का संचालन कैसे हो रहा है? ‘बिरसा हरित ग्राम योजना’ के तहत लगाए गए पौधे कहाँ गायब हो गए और इसकी जवाबदेही किसकी है?
​ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वरीय अधिकारियों से इस मामले की जांच करने, खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने और सरकारी राशि का दुरुपयोग करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।