सिविल सर्जन और निजी अस्पतालो के बीच गठजोड़ की जांच कर कार्रवाई करें डीसी पलामू: झारखण्ड क्रांति मंच
सिविल सर्जन और निजी अस्पतालो के बीच गठजोड़ की जांच कर कार्रवाई करें डीसी पलामू: झारखण्ड क्रांति मंच
झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने आज मेदिनीनगर में प्रेस बयान जारी कर कहा है कि पलामू सिविल सर्जन और निजी अस्पतालो के नापाक गठजोड़ से पलामू के गरीब मरीजों को लूटने की जांच कर कड़ी कार्रवाई करें नये उपायुक्त पलामू।
बयान में उन्होंने कहा है कि पलामू के 90% निजी नर्सिंग होम के संचालक बिना पार्किंग, अग्निशमन यंत्र व आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा किये कई तरह के जांच के नाम पर सिर्फ लूट का बिल बनाने के मकसद से संचालित किए जा रहे हैं,इस मामले में डा०राजेश कुमार जैसे कई क्लिनिकों में पेट दर्द के नाम पर 8 तरह के जांच कर मरीजों को लूटा जाता है, जिस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने चुप्पी साध ली है,जो चिंताजनक है।
गौरतलब है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अत्यंत गरीब व मजबूर मरीजों को ब्लड बैंक में स्टाॅक नहीं होने का बहाना बना कर उनसे मोटी रकम वसूली जाती है।इस तरह खून की कालाबाजारी को दलालों व बिचौलियों के माध्यम से खूलेआम अंजाम दिया जाता है। अबुआ राज में गरीब झारखण्डी मरीजों की संस्थागत लूट को वरीय अधिकारियों द्वारा कमिशन के बदले मौन से मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री की सहमति माना जा सकता है।जिस तरीके से आम आदमी के बेहिसाब इलाज के बढ़ते ख़र्च को कथित कल्याणकारी राज्य के भ्रष्ट कार्य संस्कृति ने पल्लवित-पुष्पित किया है,वह स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलने के लिए पर्याप्त है।
बयान के अंत में उन्होंने कहा है कि पलामू स्वास्थ्य विभाग में कई वर्षों से जमें भ्रष्ट चिकित्सकों/कर्मचारियों की अद्यतन स्थिति, घटिया दवाओं की आपूर्ति,निजी नर्सिंग होम को खोलने के लिए आवश्यक नियमों का परिपालन,नये भवनों का निर्माण,आवश्यक उपकरणों की खरीद व उपलब्धता आदि कई सवालों से सम्बन्धित सूचना झारखण्ड क्रांति मंच के पलामू जिलाध्यक्ष धीरज चन्द्रवंशी ने राइट टू इन्फोर्मेशन एक्ट के तहत सिविल सर्जन पलामू से मांगा है। निर्धारित समय के अंदर सूचना उपलब्ध होने के बाद जोरदार आन्दोलन शुरू किया जाएगा।

