10वीं बोर्ड परीक्षा में गुमला प्रथम: 99.32% परिणाम, 10 हजार से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में
10वीं बोर्ड परीक्षा में गुमला प्रथम: 99.32% परिणाम, 10 हजार से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में
गुमला – गुमला ने 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में पूरे राज्य में सर्वोच्च स्थान हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा आयोजित परीक्षा में जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.32% दर्ज किया गया।
जिले से कुल 13,760 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 13,667 सफल रहे। इनमें 10,254 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। राज्य स्तर की सेकेंड टॉपर सूची में भी जिले के दो विद्यार्थियों ने स्थान बनाया।
‘बोर्ड परीक्षा विजय अभियान’ बना सफलता की कुंजी
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की सुनियोजित रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और शिक्षकों का समर्पण रहा। पूर्व उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित द्वारा शुरू की गई पहल को वर्तमान उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने निरंतर आगे बढ़ाया। अपर समाहर्ता शशिंद्र बड़ाइक की देखरेख में शिक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया।
झारखंड शिक्षा परियोजना के अंतर्गत जिला कंट्रोल यूनिट का गठन, जिला व प्रखंड स्तर पर शिक्षकों की कोर टीम, पदाधिकारियों की विद्यालयों से टैगिंग, नियमित स्कूल अनुश्रवण, प्री-बोर्ड परीक्षा, मॉडल प्रश्नों का अभ्यास, शीतकालीन विशेष गृहकार्य और कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल कक्षाएं—इन सभी नवाचारों ने परिणाम को नई ऊंचाई दी।
पूर्व में उपायुक्त रह चुके कर्ण सत्यार्थी के ‘शिक्षा कर भेंट’ जैसे प्रयासों की निरंतरता भी इस सफलता में सहायक रही।
प्रशासन और शिक्षकों की संयुक्त मेहनत
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, सतत मार्गदर्शन और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि 12वीं बोर्ड में भी जिला इसी प्रदर्शन को दोहराएगा।
इस उपलब्धि में जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, डायट गुमला, शिक्षा परियोजना की टीम, सभी विद्यालय प्रधान, विषय शिक्षक, बीईओ, बीपीओ, बीआरसी और सीआरसी कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

