सिरसी ता नाले (ककड़ोलता) धार्मिक स्थल के विकास को लेकर ग्रामीणों की बैठक, स्वच्छता और व्यवस्था सुधार पर जोर

सिरसी ता नाले (ककड़ोलता) धार्मिक स्थल के विकास को लेकर ग्रामीणों की बैठक, स्वच्छता और व्यवस्था सुधार पर जोर

डुमरी (गुमला)। प्रखंड क्षेत्र के सिरसी ता नाले उर्फ ककड़ोलता में 5 फरवरी को आयोजित सामूहिक प्रार्थना सह पूजा कार्यक्रम की समीक्षा एवं धार्मिक स्थल के विकास को लेकर शनिवार को अकासी पंचायत भवन परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धर्मगुरु बंधन तिग्गा ने की।
बैठक में पूजा कार्यक्रम की सफलता, व्यवस्थाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल की समुचित व्यवस्था और विकास की आवश्यकता पर एकमत से जोर दिया।
शौचालय निर्माण और प्लास्टिक पर प्रतिबंध की मांग
समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि पूजा स्थल के चारों ओर शौचालय की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि स्वच्छता बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही धार्मिक स्थल पर प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई।
ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि प्लास्टिक कचरा अक्सर गाय, बैल और बकरी जैसे मवेशी खा लेते हैं, जिससे उनकी मौत तक हो जाती है। इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने पर जोर दिया गया।
पूजा स्थल पर शराब सेवन की घटनाओं पर जताई नाराजगी
बैठक में कुछ श्रद्धालुओं द्वारा धार्मिक स्थल पर शराब सेवन कर बोतलें खेतों में फोड़ने की घटनाओं पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। ग्रामीणों ने ऐसे कृत्यों पर रोक लगाने और स्थल की पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग की।
8 मार्च को होगी वृहत बैठक, विकास योजना को मिलेगा अंतिम रूप
पंचायत के बैगा, महतो, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया एवं अन्य ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल के समुचित विकास के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार करने पर सहमति जताई। इस संबंध में आगामी 8 मार्च को एक वृहत बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें विकास योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक का समापन धार्मिक स्थल की स्वच्छता, गरिमा और समुचित विकास के संकल्प के साथ हुआ। ग्रामीणों ने एकजुट होकर भविष्य में और बेहतर आयोजन करने का भरोसा जताया।
बैठक में अकासी, नौगाई, सिरसी और पुटरुगी गांव के बैगा, महतो, पंचायत समिति सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मौके पर कमले उरांव, पलासी दास उरांव, करमु मुंडा, सुखदेव मुंडा, पेचा मुंडा, अकलू भगत, जून उरांव, मंगरा उरांव, सुरेश भगत, सुमेश उरांव, वासुदेव भगत, गुलाब मुंडा, श्रीराम उरांव, राकेश भगत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।