पांकी मजदूर किसान इंटर महाविद्यालय में प्रवेश पत्र नहीं मिलने से नाराज छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
पांकी मजदूर किसान इंटर महाविद्यालय में प्रवेश पत्र नहीं मिलने से नाराज छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
391 छात्र-छात्राओं को नहीं मिला प्रवेश पत्र, 25 फरवरी से होनी है 11वीं की परीक्षा
पांकी प्रखंड के डंडार कला स्थित मजदूर किसान इंटर महाविद्यालय में बड़ी लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है, प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 फरवरी से 11वीं की परीक्षा होनी है जिस हेतु महाविद्यालय में दो दिनों से छात्र-छात्राओं के बीच प्रवेश पत्र एडमिट कार्ड का वितरण किया जा रहा था जहां नामांकित 391 छात्र-छात्राओं को (एडमिट कार्ड) प्रवेश पत्र नहीं मिला जिसके बाद महाविद्यालय में जमकर हंगामा होने लगा, प्रवेश पत्र नहीं मिलने से नाराज छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य अवध बिहारी सिंह के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया साथ ही नाराज छात्र-छात्राओं ने बसडीहा में भी मुख्य सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया हालांकि जाम की सूचना प्राप्त होने के बाद मौके पर पहुंची पांकी पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए जाम हटवाया एवं उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। मामले की जानकारी होने के बाद छात्र-छात्राओं के अभिभावक समेत प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद महाविद्यालय पहुंचकर मामले की जानकारी ली एवं छात्र-छात्राओं से इस विषय पर चर्चा करते हुए इस लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य अवध बिहारी सिंह एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी से भी बात की जहां जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा यह बताया गया कि इसके जिम्मेवार महाविद्यालय के प्राचार्य हैं। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य को तत्काल इस मसले का हल निकालने एवं छात्र-छात्राओं के भविष्य को सुरक्षित करने की कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल इसका कोई हल नहीं निकल गया तो वे छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के साथ महाविद्यालय परिसर में धरने पर बैठेंगे।
मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं ने बताया कि 25 फरवरी से उनकी परीक्षा होनी है इस हेतु प्रवेश पत्र का वितरण किया जा रहा था लेकिन 391 छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र नहीं दिया गया जिससे वे बेहद नाराज है छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य को लेकर चिंता सता रही है उन्होंने कहा कि अधिकारी इस मामले में तत्काल संज्ञान लें उन्हें भी अन्य छात्र-छात्राओं की तरह प्रवेश पत्र मिले ताकि वे परीक्षा से वंचित न हो सकें। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें पूर्व में किसी तरह की कोई सूचना नहीं दी गई महाविद्यालय पहुंचने पर इस गड़बड़ी का पता चला।
इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य अवध बिहारी सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राओं के भविष्य की उन्हें चिंता है। इस हेतु वे लगातार शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जैक रांची के अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं, जैक रांची के अधिकारियों के द्वारा उन्हें प्रवेश पत्र से वंचित छात्र-छात्राओं का अगले माह में परीक्षा लेने की बात बताई गई है।
आपको बता दें कि महाविद्यालय में कला एवं विज्ञान संकाय के अलावे वाणिज्य संकाय में छात्रों की सीटें निर्धारित है, बावजूद अतिरिक्त 391 छात्र-छात्राओं का नामांकन लेने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है, महाविद्यालय में नामांकन के समय छात्र-छात्राओं से 2700 रुपए एवं पंजीयन हेतु 1250 रुपए शुल्क भी लिए गए हैं, बावजूद 391 छात्र-छात्राओं को परीक्षा से वंचित करना कई सवालों को खड़ा कर रहा है, परीक्षा से वंचित छात्र-छात्राओं एवं उनके परिजनों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करने एवं संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की भी मांग की है।

