इंटरनेशनल ट्रैवल में क्यों जरूरी है ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस
ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस: इंटरनेशनल यात्राओं के लिए यह क्यों ज़रूरी है
लेखक- अमरनाथ सक्सेना, चीफ टेक्निकल ऑफिसर- कमर्शियल, बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड (पूर्व नाम बजाज आलियांज़ जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड)
इंटरनेशनल यात्राओं के दौरान आपको कभी भी बीमार पड़ने की या चोट लगने की अपेक्षा नहीं होती है, लेकिन ऐसा हो सकता है. किसी दूसरे देश में मेडिकल केयर प्राप्त करना बहुत महंगा पड़ सकता है, और अनजान हेल्थकेयर सिस्टम को समझने और उसके अनुसार काम करने से अक्सर तनाव और अधिक बढ़ सकता है. इसलिए ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस बहुत ज़रूरी है, यह आपको विदेश में रहने के दौरान अचानक से आने वाले मेडिकल खर्चों से सुरक्षित करता है. इसकी प्रकिया को समझने से पहले से ही तैयार रहने में मदद मिलती है और घर से दूर होने के दौरान आप बेफिक्र रह सकते हैं
ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस क्या है?
ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस को इंटरनेशनल ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस भी कहा जाता है. यह एक ऐसा प्लान है जो आपको अपने देश के बाहर होने के दौरान मेडिकल इमरजेंसी के लिए भुगतान करने में मदद करता है. यह आमतौर पर हॉस्पिटल में रहने, डॉक्टर की विज़िट, एमरजेंसी इवैक्यूएशन या अपने देश में वापस आने और कभी-कभी बेसिक डेंटल केयर को भी कवर करता है. यह रेगुलर ट्रैवल इंश्योरेंस से अलग है. ट्रैवल इंश्योरेंस यात्रा कैंसल होने, सामान खोने या फ्लाइट में देरी जैसी चीज़ों को कवर कर सकता है. वहीं दूसरी ओर, ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस केवल विदेश में होने पर होने वाली मेडिकल समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करता है.
आपको ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस की आवश्यकता क्यों है?
आपका रेगुलर हेल्थ इंश्योरेंस आमतौर पर आपके विदेश में करवाए गए इलाज को कवर नहीं करता है, और विदेश में मेडिकल केयर बहुत महंगी भी हो सकती है. ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस यात्रा के दौरान आपको मेडिकल एमरजेंसी होने पर फाइनेंशियल सहायता देता है. यह उच्च मेडिकल खर्चों का भुगतान करने में मदद करता है, जो बहुत ज़्यादा हो सकते हैं, अचानक होने वाली बीमारियों या चोटों की स्थिति में आपकी सुरक्षा करता है, और बेहतर इलाज की आवश्यकता होने पर इवैक्यूएशन या अपने देश वापस आने को भी कवर करता है. वास्तव में, अधिकांश देशों में प्रवेश के लिए ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस को अनिवार्य कर दिया गया है. भले ही आपके डेस्टिनेशन के लिए यह अनिवार्य न हो, फिर भी इंश्योर्ड होना समझदारी है, क्योंकि विदेश में होने वाले अप्रत्याशित मेडिकल खर्च आर्थिक रूप से काफी भारी पड़ सकते हैं. यह इंश्योरेंस होने का अर्थ यह है कि आप निश्चिंत होकर यात्रा कर सकते हैं क्योंकि आपको पता है कि आप अचानक से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित हैं.
ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस कैसे काम करता है?
आपको अपनी डेस्टिनेशन, यात्रा की तारीख, और सिंगल ट्रिप या मल्टी-ट्रिप कवरेज का चुनाव करके, अपनी यात्रा के पहले पॉलिसी खरीदनी होगी. पॉलिसी खरीदने के बाद, आपको अपनी पॉलिसी की जानकारी और एमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर प्राप्त होगा, जिसे आपको यात्रा करते समय अपने साथ रखना चाहिए. अगर आपको विदेश में मेडिकल सहायता की आवश्यकता पड़ती है, तो आप नज़दीकी हॉस्पिटल्स के बारे में जानकारी के लिए इंश्योरेंस कंपनी की हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं. अगर हॉस्पिटल इंश्योरेंस कंपनी के नेटवर्क में शामिल है, तो आपका इलाज कैशलेस हो सकता है. अन्यथा, आपको पहले भुगतान करना पड़ेगा और फिर बिल और मेडिकल रिपोर्ट सबमिट करके बाद में रीइम्बर्समेंट क्लेम करना पड़ेगा. अधिकांश प्लान हॉस्पिटलाइज़ेशन, मेडिकल ट्रीटमेंट, एक्सीडेंटल चोट या विकलांगता, कुछ मामलों में एमरजेंसी डेंटल केयर और मेडिकल इवैक्यूएशन या रिपेट्रिएशन को कवर करते हैं. कुछ इंश्योरेंस कंपनियां छात्रों, सीनियर सिटीज़न या बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए विशेष प्लान भी प्रदान करती हैं, ताकि आप अपनी ज़रूरतों के अनुसार सबसे अच्छा प्लान चुन सकें.
भारत में पात्रता मानदंड:
ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस के लिए पात्रता आपके द्वारा चुने गए प्लान के प्रकार पर निर्भर करती है. छात्रों की बात करें तो, विदेश में पढ़ने वाले 16 से 35 वर्ष की आयु के भारतीय छात्रों के लिए विशेष प्लान उपलब्ध हैं. परिवार ऐसे फैमिली प्लान का विकल्प चुन सकते हैं जो एक से छह सदस्यों तक को कवर करते हैं, इनके लिए आयु सीमा छह महीने से शुरू होती है और कुछ में तो आयु की कोई अधिकतम सीमा ही नहीं है. सीनियर सिटीज़न 70 या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए डिज़ाइन किए गए प्लान से कवरेज प्राप्त कर सकते हैं. अगर आप अकेले यात्रा कर रहे हैं या किसी फैमिली यूनिट के साथ नहीं हैं, तो आपकी ज़रूरतों के अनुसार इंडिविजुअल प्लान उपलब्ध हैं.
विदेश में मेडिकल एमरजेंसी का सामना करना भावनात्मक और फाइनेंशियल परेशानी साबित हो सकता है. ट्रैवल हेल्थ इंश्योरेंस अचानक से आने वाले बिलों के बोझ के बिना बेहतरीन चिकित्सा देखभाल तक पहुंच सुनिश्चित करके मन की शांति प्रदान करता है. विकल्पों को देखना और अपने डेस्टिनेशन के अनुसार प्लान चुनना उन स्मार्ट कदमों में से एक है जो आप विदेश यात्रा करने से पहले उठा सकते हैं.

