स्वच्छ मिशन सह “जगमग गढ़वा” अभियान से संवर रहा शहर, जनसमस्या समाधान केंद्र बना लोगों की उम्मीद

गढ़वा। कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छ मिशन सह “जगमग गढ़वा” अभियान गढ़वा शहर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभा रहा है। संस्था के तत्वावधान में लगातार गली-मोहल्लों की साफ-सफाई कराई जा रही है, वहीं अंधेरे इलाकों को रोशन करने के उद्देश्य से वार्ड और मोहल्लों में वेपर लाइटें लगाई जा रही हैं। इस अभियान से शहर के कई हिस्सों में स्वच्छता और सुरक्षा दोनों में सुधार देखने को मिल रहा है।

संस्था की ओर से विभिन्न मोहल्लों में नियमित रूप से साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कूड़ा-कचरा, गंदगी और जलजमाव जैसी समस्याओं से लोगों को राहत मिल रही है। वहीं “जगमग गढ़वा” मिशन के तहत अंधेरी गलियों, चौक-चौराहों और आवासीय इलाकों में वेपर लाइटें लगाए जाने से रात के समय आवाजाही आसान हुई है और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगा है।

शहरवासियों की समस्याओं को सीधे सुनने और समाधान के उद्देश्य से कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी ने जन समस्या समाधान केंद्र का भी कार्यालय खोला है। यहां लोग बिजली, सफाई, सड़क, पेयजल समेत अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। संस्था के सचिव विकास कुमार माली स्वयं लोगों की समस्याएं सुनते हैं और संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान का प्रयास करते हैं। कई मामलों में त्वरित कार्रवाई से लोगों को तत्काल राहत भी मिली है।

इस अवसर पर सचिव विकास कुमार माली ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाना नहीं है, बल्कि शहर और मोहल्लों का सर्वांगीण विकास करना भी है। उन्होंने बताया कि कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी बाल विवाह, भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध निरंतर अभियान चला रही है और साथ ही स्वच्छता, रोशनी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी से ही स्थायी बदलाव संभव है और संस्था आगे भी जनहित में ऐसे कार्य करती रहेगी। इस मौके पर विभूति पांडे सहित संस्था के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित थे, जिन्होंने अभियान की सराहना की।