राज्यस्तरीय मोटे अनाज आधारित भोजन निर्माण प्रतियोगिता में उपविजेता बनी टीम को उपायुक्त ने किया सम्मानित

लोहरदगा: मोटे अनाज से भोजन निर्माण को लेकर आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय नवाडी पाड़ा की माता समिति के सदस्यों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर उपायुक्त लोहरदगा डॉ ताराचंद ने माता समिति के सदस्यों को पुष्पगुच्छ देकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर उपायुक्त ने मोटे अनाजों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये अनाज न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी सहायक हैं। उन्होंने विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के अंतर्गत मोटे अनाजों के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया।
राज्यस्तरीय मोटे अनाज आधारित भोजन निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन जिला विद्यालय रांची में किया गया था, जिसमें रागी, मकई, ज्वार एवं बाजरा से बने पौष्टिक व्यंजनों की आकर्षक और स्वादिष्ट प्रस्तुति की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय की रसोइया-सह-सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सीमित संसाधनों में गुणवत्तापूर्ण और पोषणयुक्त भोजन तैयार करने का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडली ने उनके द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों को श्रेष्ठ घोषित करते हुए टीम को उपविजेता का खिताब प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि यह टीम संकुल, प्रखंड एवं जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंची थी।
इस अवसर पर रसोइया यमुना देवी, पुष्पा देवी, सुमन देवी एवं सुनीता देवी ने बताया कि बच्चों को स्वाद के साथ मोटे अनाज का सेवन कराने के लिए भोजन में नवाचार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चे नियमित रूप से मोटे अनाज से बने भोजन का सेवन करते हैं, जिससे वे स्वस्थ एवं तेज बन रहे हैं। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, प्रधानाध्यापक अरुण राम, विज्ञान शिक्षक राहुल कुमार सहित विद्यालय परिवार एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।