लातेहार में आठवीं क्लास की छात्रा ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाया शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप

लातेहार में आठवीं क्लास की छात्रा ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाया शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप

शिक्षक पर प्रताड़ित करने का आरोप

लातेहार।जिले के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की आठवीं कक्षा की छात्रा ने शुक्रवार की रात आत्महत्या कर ली. मृतक छात्रा के परिजनों का आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक द्वारा छात्रा को कई तरह से प्रताड़ित किया जा रहा था. इसी कारण वह आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने को मजबूर हुई. इस घटना के बाद गांव में तनाव है और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच कर हंगामा करने लगे. वहीं इस संबंध में लातेहार थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।परिजनों ने बताया कि छात्रा ने उन्हें बताया था कि स्कूल का एक शिक्षक उसके साथ गलत हरकत करता था. शिक्षक उसे लगातार कई तरह से प्रताड़ित भी करता था. शिक्षक की प्रताड़ना से छात्रा काफी परेशान थी. इस मामले को लेकर छात्रा के परिजन ने स्कूल आकर हंगामा भी किया था।परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद शिक्षक ने छात्रा को परेशान करना बंद नहीं किया. शुक्रवार की रात परेशान छात्रा ने आत्महत्या कर ली. इधर, घटना के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया. हालांकि, आरोपी शिक्षक शनिवार को स्कूल नहीं आया।घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों की शिकायत के बाद भुसूर पंचायत के मुखिया सुरेंद्र भगत सहित अन्य बुद्धिजीवी भी मामले की जानकारी लेने स्कूल पहुंचे. मुखिया ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।वहीं इस पूरे मामले के बारे में पूछे जाने पर थाना प्रभारी सुरेंद्र महतो ने बताया कि पुलिस को रात में ही घटना की जानकारी मिली थी. मृतक छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल लाया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।