परमाणु हथियार इस्तेमाल किया तो नक्शे से मिटा देंगे
साउथ कोरिया और नॉर्थ कोरिया के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है. अब साउथ कोरिया ने धरती के नक्शे से खत्म करने की उत्तर कोरिया को धमकी दी है. साउथ कोरिया ने कहा कि यदि उत्तर कोरिया परमाणु हथिया इस्तेमाल करने के बारे में सोचेगा तो उसे नक्शे से मिटा देंगे. साउथ कोरिया की तरफ से दी गई धमकी कोई नई नहीं हैं. दोनों देशों के बीच कुछ समय से धमकियों की सिरीज चल रही है.
दरअसल, गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने उत्तर कोरिया के बढ़ते परमाणु शस्त्रागार से निपटने के लिए संयुक्त परमाणु निरोध दिशानिर्देशों पर हस्ताक्षर किए. इस समझौते में दक्षिण कोरिया की क्षमताओं को बढ़ाना शामिल है. यह समझौता होने के बाद उत्तर कोरिया की तरफ से जवाब दिया गया, जिसमें सबसे पहले अमेरिका और दक्षिण कोरिया के समझौते की निंदा की गई. इसके साथ ही कहा गया कि सियोल और वाशिंगटन को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.
