अंतिम संस्कार के बाद महिला जिंदा मिली, नए मोड़ आने के बाद पुलिस के होश उड़े
गोरखपुर: गोरखपुर के उरुवा इलाके में ‘मारी’ गई फूलमती झांसी में ‘जिंदा’ मिल गई है। फूलमती का मोबाइल ऑन होने पर लोकेशन के आधार पर उरुवा पुलिस जब झांसी पहुंची तो उसे जिंदा पाकर हैरान रह गई। उधर, उसका पति जिंदा फूलमती को देखकर हैरान होने के साथ खुश हो गया। उसका कहना है कि जिस महिला की लाश मिली थी वह हू-ब-हू उसकी पत्नी जैसी थी। इसलिए उसने उसे पत्नी के रूप में शिनाख्त कर अन्तिम संस्कार किया था। फिलहाल वह लाश किसकी थी, अब इस सवाल का जवाब तलाशना पुलिस के लिए चुनौती दरअसल, बांसगांव क्षेत्र के उस्का गांव निवासी रामसुमेर की पत्नी फूलमती 14 जून की शाम को बेलघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित मायके जाने के लिए घर से निकली। 15 जून की सुबह वह मायके से निकली। उसके भाई ने उसे धुरियापार के पास बाइक से पहुंचाया। वहां से वह ऑटो पकड़कर निकली लेकिन अपने घर नहीं पहुंची। पति ने दो दिन तक तलाश करने के बाद 18 जून को उरुवा थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। 19 जून की सुबह उरुवा थाना क्षेत्र के चचाईराम गांव के सिवान में एक महिला की लाश मिली। हत्या कर फेंकी गई लाश फूलमती की तरह दिख रही थी। शव की पहचान के लिए पुलिस ने उसके पति रामसुमेर को बुलाया। शिनाख्त होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव पति को सौंप दिया जिसका उसने अंतिम संस्कार कर दिया।
