चैनपुर के उग्र ग्रामीणों ने किया कई वाहनों को आग के हवाले

0
0e459dbb-9ed3-48db-bd54-85a97a8ea214

पलामू के चैनपुर ब्लॉक में एक अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक के बाद एक 6 हाइवा को आग के हवाले कर दिया. यह घटना चैनपुर रामकंडा मुख्य मार्ग की है. यह सड़क झारखंड को छत्तीसगढ़ से जोड़ती है. हाइवा को फूंकने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम पहुंची. खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही थी. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये और 6 हाइवा को आग के हवाले कर दिया.

मिली जानकारी के अनुसार फिरोज अंसारी नामक युवक चैनपुर से अपनी बाइक से अपने घर रामगढ़ जा रहा था. इस दौरान चैनपुर थाना क्षेत्र के अन्हारी ढोंढा इलाके में अनियंत्रित हाइवा ने उसे अपने चपेट में ले लिया. जिससे फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई.

इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. ग्रामीण आरोपी हाइवा चालक को गिरफ्तार करने और मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा करने लगे. इसी दौरान उग्र भीड़ ने मौके पर मौजूद छह हाइवा में आग लगा दी. देखते ही देखते सभी हाइवा धू-धूकर जलने लगे. घटना के बाद चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराने में जुटे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *