जातिसूचक गाली-गलौज व मारपीट कर बुरी तरह ज़ख़्मी करनेवाले सभी आरोपियों को एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करे गढ़वा जिला प्रशासन—-झारखण्ड क्रांति मंच
आर्केस्ट्रा की नर्तकियों के साथ छेड़छाड़ व भुईयां जाति के बारातियों के साथ जातिसूचक गाली-गलौज व मारपीट कर बुरी तरह ज़ख़्मी करनेवाले सभी आरोपियों को एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करे गढ़वा जिला प्रशासन: झारखण्ड क्रांति मंच
30 अप्रैल 2024(नावाबाजार)
झारखण्ड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार ये शत्रु ने आज नावाबाजार प्रखण्ड के रबदा स्थित आवास पर प्रेस बयान जारी पिछले 28 अप्रैल की रात्रि में रबदा ग्राम के दही टोला निवासी बुटन भुईयां के पुत्र चंदन कुमार के नावाडीह (बेलचम्पा) स्थित बारात में द्वारपूजा के बाद आयोजित आर्केस्ट्रा पार्टी में नर्तकियों के साथ अभद्र छेड़छाड़ व विरोध करने पर उसी ग्राम के आनन्द सिंह पिता-रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में 10-15 सामंती मानसिकता के लोगों द्वारा जातिसूचक गाली-गलौज व भीषण मारपीट कर बुरी तरह ज़ख़्मी करने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए गढ़वा जिला प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग किया है।
जारी बयान में उन्होंने कहा है कि पलामू व गढ़वा जिले में दलितों के साथ मध्ययुगीन सामंती बर्बरता व अत्याचार की बढ़ती घटनाओं को रोकने की दिशा में राज्य सरकार मौन साधे रहती है।यह अफसोस की बात है कि आज भी बिगड़ैल सामंती सोच के अपाहिज तत्वों को किसी दलित की बारात में घोड़ी चढ़ना,आर्केस्ट्रा पार्टी का नाच-गाना,अच्छी गाड़ी से बारात आना,अच्छा पहनना व खाना पसंद नहीं है?
ज्ञातव्य है कि बारात में शामिल संतोष भुईयां,,रविन्द्र भुईयां, पप्पू कुमार भुईयां,विमलेश कुमार व दुल्हा चंदन कुमार के साथ बुरी तरह मारपीट कर ज़ख़्मी करनेवाले आनन्द सिंह व उसके जातिवादी गुंडों ने शादी को भी रोक दिया था,जिसे 29 अप्रैल को गढ़वा पुलिस की उपस्थिति में रबदा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजीवन भुईयां के पहल पर सम्पन्न कराया गया है।
जारी बयान में उन्होंने कहा है कि अभी पिछले 12 अप्रैल को छत्तरपुर प्रखण्ड के चिरु चहलथान में बिगड़ैल व सामंती यादवों की पिटाई से बुरी तरह घायल रविदास समाज की महिलाओं का जख्म भी नहीं भरा है,और ना ही छत्तरपुर की भ्रष्ट पुलिस ने आजतक आरोपियों को गिरफ्तार किया है,इसी बीच नावाडीह बेलचम्पा में भुईयां जाति के बारातियों के साथ सामंती तत्वों द्वारा बर्बरतम पिटाई से भीषण आक्रोश व्याप्त हो रहा है। निश्चित रूप से इन दोनों घटनाओं पर झारखण्ड के मा०मुख्यमंत्री व डीजीपी साहब को शीघ्र संज्ञान लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
