धनबाद में हैवी ब्लास्टिंग से बच्चे सहित तीन घायल,

0
images (2)

धनबाद में हैवी ब्लास्टिंग से बच्चे सहित तीन घायल

 

धनबाद। जिले के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल कुसुंडा क्षेत्र के आरके ट्रांसपोर्ट आउटसोर्सिंग ऐना में प्रबंधन की ओर से रविवार को हैवी ब्लास्टिंग की गयी। ब्लास्टिंग के बाद पत्थर उड़कर पास की बस्ती टिकीयापाड़ा तक पहुंच गई। इसमें बस्ती के कई घरों को नुकसान पहुंचा और एक बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए।

घटना से आक्रोशित लोग आरके ट्रांसपोर्ट आउटसोर्सिंग स्थल पहुंच गए और वहां काम कर रहे कर्मियों और अधिकारियों पर टूट पड़े। लोगों का गुस्सा देख कर्मी और अधिकारी वहां से भाग खड़े हुए। इस दौरान तीन घंटे तक उत्पादन ठप रहा। हंगामे की सूचना पाकर झरिया व बोर्रागढ़ पुलिस सहित सीआईएसएफ बल भी वहां पहुंच गए। ऐना कोलियरी प्रबंधक ललन कुमार, अधिकारी (पीओ) टी. पासवान पुलिस बल के साथ इंडस्ट्री काली मंदिर के समीप ग्रामीणों से बातचीत करने पहुंची।

आउटसोर्सिंग प्रबंधक को देखते ही ग्रामीण भड़क गए और प्रबंधक ललन कुमार को गाड़ी से खींच कर बाहर निकाल दिया और उनकी पिटाई कर दी। कुछ लोग अधिकारी टी. पासवान के साथ भी धक्का-मुक्की करने लगे। किसी तरह सीआईएसएफ ने दोनों को बचाते हुए उनके वाहन में बैठाया। इसके बाद भी ग्रामीणों ने अधिकारियों को करीब एक घंटा तक बंधक बनाकर रखा।

घटना को लेकर झरिया थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि हंगामा की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामे को शांत कराया। प्रबंधन की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *