15 अगस्त की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 13 अगस्त तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का उपायुक्त का निर्देश
15 अगस्त की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 13 अगस्त तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का उपायुक्त का निर्देश
गिरिडीह। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 13 अगस्त तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन अनुशासन, गरिमा और राष्ट्रीय भावना के अनुरूप संपन्न हो सके।
बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9:00 बजे झंडा मैदान में आयोजित होगा, जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 9 से 13 अगस्त तक परेड का नियमित पूर्वाभ्यास कराया जाए। इस वर्ष मुख्य समारोह में 12 परेड टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इसलिए सभी विभाग समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त की शाम 5:00 बजे नगर भवन में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं का चयन कर उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तैयार कराई जाएंगी। वहीं, स्वतंत्रता दिवस की सुबह 7:00 बजे प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी, जिसके सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने झंडा मैदान में रंग-रोगन, साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, मंच, कुर्सियां, सोफा सेट, बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। साथ ही समारोह स्थल पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, पेयजल, पानी का टैंकर तथा अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और अग्निशमन विभाग को सुरक्षा के सभी इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर निगम को जिले के प्रमुख चौक-चौराहों की विशेष साफ-सफाई कराने, महापुरुषों की प्रतिमाओं का रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण करने तथा स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों, झारखंड आंदोलनकारियों, प्रगतिशील किसानों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा उत्पाद विभाग को 15 अगस्त को ‘ड्राई डे’ का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और जिले में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता यश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

